खूनी होली: पति ने गला रेतकर पत्नी की हत्या, प्रेमी पर तेजाब से हमला

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर में होली के दिन चौक कोतवाली क्षेत्र की बालाजी नगर कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात सामने आई। मुखौटा लगाकर पहुंचे पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी, जबकि उसके प्रेमी पर गुलाल के साथ तेजाब फेंक दिया।

बताया जा रहा है कि आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेती निवासी मनमोहन पांडेय का करीब दस वर्ष पहले आरती (31) से विवाह हुआ था। दोनों की सात वर्षीय बेटी भी है। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों अलग रह रहे थे और तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। इसी बीच आरती अपने परिचित बृजदीप के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी और दोनों जल्द शादी करने की योजना बना रहे थे।

बृजदीप के अनुसार, बुधवार सुबह करीब छह बजे मनमोहन पांडेय मुखौटा लगाकर उनके घर पहुंचा। दरवाजा खुलते ही उसने पहले गुलाल फेंका और फिर बोतल से तेजाब डाल दिया, जिससे बृजदीप झुलस गया। शोर सुनकर बाहर आई आरती पर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

तेजाब से झुलसने के बावजूद बृजदीप ने हमलावर का विरोध किया, जिससे मनमोहन भी घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां आरती को मृत घोषित कर दिया गया।

घटना के बाद सात वर्षीय बेटी अनाथ हो गई है। मामले में बृजदीप की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights