रहीमाबाद-माल रोड पर युवक को मारी गोली, हालत नाजुक

By Liberal Media

Published On:

फैक्ट्री से लौटते समय वारदात, पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

लखनऊ | LIBERAL MEDIA

मलिहाबाद के रहीमाबाद कोतवाली क्षेत्र में फैक्ट्री से घर लौट रहे एक मजदूर को अज्ञात कारणों से गोली मार दी गई। घायल अवस्था में उसे केजीएमयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना रहीमाबाद-माल रोड पर ग्राम गहदों टावर के पास की है। पीड़ित की पत्नी मानशी के अनुसार, उनके पति संदीप प्रजापति संडीला स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गहदों गांव निवासी अनुभव सिंह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। संदीप के न रुकने पर आरोपी ने पीछे से फायर कर दिया, जो उनकी पीठ में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

बताया गया कि घायल संदीप ने ही अपनी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति अमित साहू को धमकी दी। धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया गया है।

पीड़िता ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर अरुण त्रिगुणायक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। घटना के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights