यूपी बोर्ड परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे चार गिरफ्तार, फर्जी एडमिट कार्ड व आधार कार्ड बरामद

By Liberal Media

Published On:

जनपद – गोरखपुर | LIBERAL MEDIA

गोरखपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अन्य परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा देने वाले चार युवकों को थाना पिपराइच पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 23 फरवरी 2026 की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, महाराणा प्रताप कृषक इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान जांच में पाया गया कि कुछ युवक फर्जी एडमिट कार्ड और आधार कार्ड के जरिए वास्तविक परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तहरीर के आधार पर थाना पिपराइच में बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(1) तथा 7/13(3) परीक्षा अध्यादेश 2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक चौहान (निवासी पादरी बाजार मोहनापुर चौहान टोला, थाना शाहपुर), सौरभ कुमार (निवासी रामजानकी नगर बशारतपुर, थाना शाहपुर), करन सोनकर (निवासी राजेंद्र नगर पूर्वी ललितापुरम कॉलोनी, थाना गोरखनाथ) और सूरज कुमार (निवासी नीना थापा झरना टोला, थाना एम्स, जनपद गोरखपुर) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कूटरचित एडमिट कार्ड एवं आधार कार्ड बरामद किए हैं। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights