साधु-संतों संग भक्तों ने खेली भव्य होली, टेसू के रंग और गुलाल से सतरंगा हुआ आसमान

By Liberal Media

Published On:

Date:

Mathura | Liberal Media
मथुरा। गोकुल स्थित रमणरेती आश्रम में ब्रज की पारंपरिक और भव्य होली धूमधाम से मनाई गई। कार्ष्णि गुरुशरणानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस उत्सव में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु कान्हा की नगरी पहुंचे और साधु-संतों के साथ रंगोत्सव में शामिल हुए।
होली के लिए विशेष रूप से 10,000 लीटर टेसू का रंग तैयार किया गया। इसके अलावा 6 क्विंटल अबीर-गुलाल, 2 किलो चंदन और 100 ग्राम केसर का उपयोग किया गया। जैसे ही संतों की टोली ने रंग बरसाना शुरू किया, पूरा आसमान सतरंगा नजर आने लगा। होली के रसियाओं पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
आश्रम के वार्षिकोत्सव के दौरान हर वर्ष संतों की टोली द्वारा खेली जाने वाली होली इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहती है। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का स्मरण करते हुए फूलों की वर्षा और रमणरेती की पवित्र रज के साथ होली खेली गई। श्रीकृष्ण लीला के मंचन और होली के रसिया गायन से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा।
रमणरेती की होली के साथ ही ब्रज में होली उत्सव की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights