पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में ‘प्रीमोर्डियल-2026’ खेल महोत्सव का भव्य समापन, विजेताओं को किया सम्मानित

By Liberal Media

Published On:

शाहजहाँपुर, 19 फरवरी। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सोसाइटी के अंतर्गत पंडित राम प्रसाद बिस्मिल पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में सहबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा पाठ्यक्रम (बैच-2025) के छात्रों द्वारा आयोजित खेल महोत्सव प्रीमोर्डियल-2026 का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज शाहजहाँपुर के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाल एवं डीन डॉ. विशाल प्रकाश गिरि सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता की।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार ने अपने संबोधन में आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाल ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। छात्रा सारिका शर्मा ने “राम को देखकर श्री जनकनंदन…” भजन की प्रस्तुति दी, वहीं छात्र अभिनव सक्सेना की काव्य प्रस्तुति “चिराग अपने लिए तो नहीं जला करते…” को भी खूब सराहना मिली।

समापन अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार को डॉ. सुशील कुमार वर्मा एवं डॉ. अमित कुमार सक्सेना द्वारा स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाल को डॉ. विशाल प्रकाश गिरि एवं डॉ. राणा प्रताप ने तथा स्पोर्ट्स समिति संयोजिका डॉ. पूजा त्रिपाठी पाण्डेय को डॉ. नीरा गोयल एवं डॉ. अनिल कुमार ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में डॉ. जय प्रकाश सिंह, डॉ. मनीष दिवाकर, डॉ. श्वेता जायसवाल, डॉ. किरण मलिक, डॉ. विनोद रवि, डॉ. शगुन शुक्ला, डॉ. वरुण गुप्ता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन रेजिडेंट्स डॉ. शिवानी एवं डॉ. सुशीला ने किया। आयोजन में लिपिक अभय कश्यप, सौरभ एवं अमन का विशेष सहयोग रहा।

अंत में सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों को सूक्ष्म जलपान वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights