1.80 करोड़ से वलीदपुर नगर पंचायत को मिलेगा अत्याधुनिक कार्यालय भवन

By Liberal Media

Published On:

Date:

Muhammadabad Gohna (Mau) | Liberal Media

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर वलीदपुर नगर पंचायत को जल्द ही अपना स्वतंत्र और अत्याधुनिक कार्यालय भवन मिलने जा रहा है। करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन वर्तमान में पानी की टंकी परिसर में संचालित अस्थायी कार्यालय का स्थान लेगा।

नगर पंचायत गठन के लगभग 11 वर्ष बाद भी पर्याप्त स्थान और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कर्मचारियों व नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। नया भवन मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत बनाया जाएगा, जिसका उद्देश्य शहरी निकायों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है। इस योजना के तहत जलापूर्ति, सड़क, नाली और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे कार्यों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।

प्रस्तावित भवन में नागरिकों के लिए प्रतीक्षालय (सिटिंग एरिया), बैठक कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, मीटिंग हॉल तथा अधिकारियों के अलग-अलग कार्यालय कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा परिसर में पार्किंग सुविधा और सीसी रोड का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अर्जुन कुमार राजभर ने बताया कि नया भवन वर्तमान कार्यालय के समीप ही बनाया जाएगा, जिससे नागरिकों को सेवाएं प्राप्त करने में आसानी होगी और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व गति आएगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के लिए टेंडर मार्च माह में जारी होने की संभावना है और भवन निर्माण में लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है।

नगरवासियों को उम्मीद है कि नए भवन के निर्माण से विकास कार्यों में तेजी आएगी और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित हो सकेगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights