मऊ जनपद के थाना रामपुर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने जिंदा पति को सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाकर शासन की विधवा पेंशन योजना का लाभ लिया। मामले की जानकारी होने पर पति पवन साहू ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद पहले से परिवार न्यायालय में विचाराधीन है, जहां से पत्नी को भरण-पोषण भत्ता मिल रहा है। इसी बीच कथित रूप से फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर महिला कल्याण विभाग से विधवा पेंशन भी प्राप्त की गई।
पीड़ित पति का आरोप है कि इस मामले में थाना मधुबन में मुकदमा दर्ज है और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय में भी प्रार्थना पत्र दिया गया है। वहीं विभागीय रिकॉर्ड में “रिकॉर्ड नॉट फाउंड” बताया जाना मामले को और संदिग्ध बना रहा है।
पीड़ित पति पवन साहू ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।








