शाहजहांपुर, 17 फरवरी 2026।
जी.एफ. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की तीनों इकाइयों के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। डॉ. रज़ा रसूल के नेतृत्व में मऊ खालसा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित शिविर के प्रथम सत्र में स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाया तथा स्वच्छता के अभाव में होने वाली बीमारियों और उनके बचाव के उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही स्वयंसेवियों ने घर-घर जाकर सुकन्या समृद्धि योजना, इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) में बचत खाता, जीवन बीमा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया।
द्वितीय सत्र में पर्यावरण एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रथम स्थान अभिनव, द्वितीय अवनीश तथा तृतीय स्थान विवेक ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. समन ज़ेहरा ज़ैदी के नेतृत्व में प्राथमिक विद्यालय दिलाज़ाक में चल रही छात्रा इकाई के शिविर का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं लक्ष्य गीत से हुआ। प्रथम सत्र में जिला अस्पताल से आए रंजीत कुमार (जिला समन्वयक, क्षय रोग केंद्र) ने कैंसर व टीबी जैसी गंभीर बीमारियों के लक्षण एवं बचाव के उपायों पर जानकारी दी। द्वितीय सत्र में “मतदाता जागरूकता” कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवियों ने बस्ती के लोगों को मतदाता बनने और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निज़ामुद्दीन खान के निर्देशन में कंपोजिट विद्यालय दिलाज़ाक में चल रही मिश्रित इकाई के प्रथम सत्र में अतिथि वक्ता के रूप में अतुल कुमार मिश्रा (उपाधीक्षक, भारतीय डाक) ने भारतीय डाक सेवा के इतिहास, उद्देश्य तथा सुकन्या जैसी लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। द्वितीय सत्र में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत एसएमसी पीसीआई अंबुज ने स्वयंसेवियों को फाइलेरिया बीमारी के संबंध में विस्तार से बताया और बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला।
अंत में स्वयंसेवियों ने जागरूकता रैली निकालते हुए “भारतीय डाक सेवा” और “फाइलेरिया मुक्त शाहजहांपुर” के नारे लगाए। इस अवसर पर अरुण कुमार, राम बाबू, मनीषा मेहरा सहित उमम, रोशनी, ममता, इशिता, आरिश, दानिया, संजना एवं तय्यबा समेत कई स्वयंसेवियों का विशेष योगदान रहा।








