Banda | Liberal Media
बांदा। बुन्देलखण्ड न्याय मोर्चा के अध्यक्ष मोहनलाल वर्मा ने जिलाधिकारी बांदा को पत्र भेजकर लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) में तैनात सहायक अभियंता अजय कुमार पर गंभीर भ्रष्टाचार और गबन के आरोप लगाए हैं।
शिकायत पत्र में आरोप है कि सहायक अभियंता ने ठेकेदारों से कथित साठगांठ कर वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान अनियमित भुगतान किए, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार करीब 99.76 लाख रुपये (लगभग एक करोड़ रुपये) के भुगतान में अनियमितता और संदिग्ध गबन हुआ है।
मोहनलाल वर्मा का दावा है कि विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि हुई है, लेकिन प्रभाव और दबाव के चलते जांच प्रभावित की जा रही है। आरोप यह भी है कि संबंधित अधिकारी ने राजनीतिक दबाव के जरिए कई बार अपना स्थानांतरण टलवाया और अभी तक नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि सहायक अभियंता को तत्काल निलंबित किया जाए, सभी भुगतानों की सीबीआई या ईओडब्ल्यू से जांच कराई जाए, अवैध संपत्ति की जांच कर जब्ती की कार्रवाई की जाए तथा कठोर कानूनी कदम उठाए जाएं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








