बांके बिहारी कॉरिडोर को लेकर सेवायतों में टकराव तेज

By Liberal Media

Published On:

Date:

वृंदावन। बांके बिहारी कॉरिडोर को लेकर सेवायतों के बीच चल रहा विवाद अब कोतवाली तक पहुँच गया है। हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य एवं सेवायत दिनेश गोस्वामी ने तीन नामजद और 15 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।

इस कार्रवाई के विरोध में गोस्वामी समाज की महिलाओं ने मंदिर के गेट नंबर-1 पर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन व हाई पावर्ड कमेटी पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि कॉरिडोर के नाम पर सेवायतों पर रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया जा रहा है और भय का वातावरण तैयार किया जा रहा है।

विवाद उस समय और गहरा गया जब सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बयानबाजी सामने आई। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दिनेश गोस्वामी की तुलना विभीषण से की। वहीं दिनेश गोस्वामी पर आरोप है कि उन्होंने महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। हालांकि दिनेश गोस्वामी का कहना है कि कुछ महिलाएं उनके घर में घुस आईं, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जूते से मारने की धमकी दी, जिसके चलते उन्हें कानूनी कार्रवाई करनी पड़ी।

महिलाओं का कहना है कि दिनेश गोस्वामी कमेटी में उनका प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए वे अपनी बात रखने उनके पास गई थीं, लेकिन इसके बदले उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

दिनेश गोस्वामी की तहरीर पर वृंदावन कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गोस्वामी समाज में आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights