मथुरा के नंदगांव क्षेत्र में भाजपा नेता और नगर पंचायत नंदगांव अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी दान बिहारी चौधरी उर्फ दानो नेता पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर गोली चलाई और जमकर मारपीट की। इस दौरान महिला और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया।
हमले में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दान बिहारी चौधरी की नई कार समेत तीन गाड़ियों को कुल्हाड़ी से काटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में नामजद लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
दान बिहारी चौधरी कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के करीबी समर्थक बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।








