SITARGANJ | LIBERAL MEDIA
सितारगंज के बिजटी चौराहे पर एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब गन्ने से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक के नीचे दबकर दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक पलटते ही दोनों युवक गन्ने के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत हाइड्रा मशीन की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों युवक फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सितारगंज से अपने घर बघोरी लौट रहे थे। घायलों की उम्र क्रमशः 18 वर्ष और 17 वर्ष बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सितारगंज के बिजटी चौराहे पर पलटा गन्ने से भरा ट्रक, दो किशोर दबे
Published On:
Date:









