हापुड़ (उत्तर प्रदेश)।
मानवता को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला हापुड़ जिले से सामने आया है, जहां एक कारोबारी ने अपनी ही कैंसर पीड़ित पत्नी की हत्या के लिए ₹5 लाख की सुपारी दे दी। इलाज में लगातार बढ़ते खर्च से परेशान होकर आरोपी पति ने यह खौफनाक साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, कारोबारी ने अपने दो करीबी साथियों को पत्नी की हत्या की सुपारी दी थी। आरोपियों के बीच बातचीत के लिए ‘साड़ी के पैसे’ को कोडवर्ड के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो।
जांच में सामने आया है कि पत्नी लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थी और इलाज में लाखों रुपये खर्च हो चुके थे। आर्थिक दबाव और कथित मानसिक तनाव के चलते आरोपी पति ने इस जघन्य अपराध को अंजाम देने की योजना बनाई।
हत्या के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले का खुलासा किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कारोबारी समेत उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।









