मथुरा | LIBERAL MEDIA
: मथुरा के फरह थाना क्षेत्र की ओल पुलिस चौकी इलाके में हनी ट्रैप के जरिए उगाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
घटना 5 फरवरी 2026 की बताई जा रही है, जिसमें हनी ट्रैप गैंग द्वारा लाखों रुपये वसूलने का खेल चलाया जा रहा था। आरोप है कि आगरा निवासी व्यापारी जगदीश को ओल चौकी इंचार्ज और अन्य पुलिस कर्मियों के सहयोग से वसूली के लिए ओल क्षेत्र के एक घर में बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने व्यापारी से एक लाख रुपये वसूलने के बाद उसे छोड़ा और बाकी रकम की एवज में उसकी कार ग्राम प्रधान खूबी राम ने अपने घर खड़ी कर ली। आरोपियों ने पूरा पैसा मिलने के बाद ही कार लौटाने की बात कही।
पीड़ित किसी तरह आरोपियों के कब्जे से छूटकर आगरा पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिला और स्थानीय पुलिस व ग्राम प्रधान खूबी राम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
मथुरा में इससे पहले भी हनी ट्रैप की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक महिला, ओल चौकी इंचार्ज, ग्राम प्रधान खूबी राम समेत करीब आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी चौकीदार और सिपाही को भी निलंबित कर दिया गया है तथा पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश जारी है।
बाइट : श्लोक कुमार, एसएसपी मथुरा









