शामली। जनपद शामली में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश रिहान को मार गिराया। यह मुठभेड़ झिंझाना से कसेरवा जाने वाले मार्ग पर यमुना नहर के पास देर रात हुई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में दो बदमाश मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रात करीब 12:30 बजे दोनों बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों की गोलीबारी में शामली कोतवाली में तैनात सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
करीब 30 से 35 मिनट तक चली मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने पूरी सतर्कता के साथ जवाबी फायरिंग की। इस दौरान 1 लाख रुपये का इनामी बदमाश रिहान को गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही ढेर हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारा गया बदमाश रिहान लूट, डकैती और अन्य संगीन वारदातों में लंबे समय से वांछित था। फरार बदमाश की तलाश के लिए क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मौके से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की विधिक कार्रवाई जारी है।









