यूपी में चाइनीज मांझे से होने वाली मौत अब मानी जाएगी हत्या, सीएम योगी के सख्त निर्देश

By Liberal Media

Published On:

Date:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार मौतों को लेकर प्रदेश सरकार ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चाइनीज मांझे से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में उसे हत्या माना जाएगा और दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश देते हुए पुलिस एवं प्रशासन को जिलेवार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि बुधवार को लखनऊ में चाइनीज मांझे से गला कटने के कारण एक छात्र की मौत हो गई थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं।
प्रदेश सरकार के इस फैसले से चाइनीज मांझे के कारोबारियों और इस्तेमाल करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही विशेष अभियान चलाकर ऐसे लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights