आगरा | Liberal Media
आगरा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना साइबर क्राइम, थाना सिकंदरा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 04 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो अब तक करीब 10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे चुके थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ऑनलाइन सट्टा खिलाने का भी काम करते थे। ये लोग भोले-भाले व्यक्तियों को बहला-फुसलाकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे और फिर उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी के मामलों में किया जाता था। आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर काम करते थे और ठगी की रकम डेबिट कार्ड के जरिए एटीएम से निकाली जाती थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हिमांशु, आशीष, सूरज और रामू बताए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का मुख्य आरोपी मोनू ठगी की रकम का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा खुद रखता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 डेबिट कार्ड, 04 आधार कार्ड, 14 मोबाइल फोन, 29 चेकबुक, 37 पासबुक, 02 लैपटॉप, 2.16 लाख रुपये नकद और 18 सिम कार्ड बरामद किए हैं।








