मथुरा | Liberal Media
जनपद मथुरा के थाना छाता क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। कानपुर से पटियाला (पंजाब) जा रहे ट्रक चालक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान सिरदूर सिंह पुत्र सोहन सिंह (उम्र लगभग 50 वर्ष), निवासी दनेरा, पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सिरदूर सिंह अपने एक साथी के साथ ट्रक लेकर कानपुर से पंजाब की ओर जा रहे थे। छाता थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ढाबे के पास अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद वह ट्रक से उतरकर जमीन पर गिर पड़े। साथी चालक ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन वह बेहोश हो चुके थे।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। मृतक ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








