उधम सिंह नगर (सितारगंज) | Liberal Media
सितारगंज में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्णायक अभियान की शुरुआत कर दी है। कोतवाली सितारगंज के तेज-तर्रार कोतवाल सुंदरम शर्मा ने नशे के खिलाफ जंग को और मजबूत करने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक नागरिकों एवं सीएलजी सदस्यों के साथ कोतवाली परिसर में बैठक कर सीधा संवाद किया।
बैठक के दौरान कोतवाल सुंदरम शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई अकेले पुलिस नहीं जीत सकती, इसके लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आसपास चल रहे नशे के अवैध कारोबार की जानकारी निर्भीक होकर पुलिस को दें, ताकि समय रहते नशा तस्करों पर कार्रवाई की जा सके।
कोतवाल ने बताया कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण और जंगल से सटे इलाकों में भी नशा तस्करों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है, जिससे नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।








