Liberal Media | Mau
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय तहसील में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पर मनमानी, एकतरफा आदेश पारित करने, धनउगाही और फाइलों के निस्तारण में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने एसडीएम न्यायालय व कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए धरना दिया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि आदेश बहाल (रिस्टोर) कराने से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई नहीं हो रही, जिससे न्यायिक प्रक्रिया बाधित है। अधिवक्ता अली अकरम, महेंद्र राय, खुर्शीद अहमद, अशोक कुमार, लालजी सहित अन्य ने बताया कि एसआईआर अवधि के दौरान अधिकारी व कर्मचारी नियमित रूप से न्यायालय में उपस्थित नहीं रहे, जिसके कारण बीते लगभग एक माह से न्यायिक कार्य प्रभावित है।
वकीलों के अनुसार, इसी अवधि में सैकड़ों फाइलें बिना सुनवाई के खारिज कर दी गईं, आदेशों की प्रतियां भी उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं और रिस्टोर प्रार्थना पत्रों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।









