Liberal Media | Badaun
बदायूं। घने कोहरे के कारण बुधवार सुबह वजीरगंज–वगरैन मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सैदपुर गांव के पास टाटा 407 और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अत्यधिक कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान टाटा 407 और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पिकअप चालक 19 वर्षीय विनोद पुत्र अखलाक, निवासी कुर्वी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टाटा 407 का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं डॉक्टरों ने पिकअप चालक विनोद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसे का प्रमुख कारण घना कोहरा माना जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
युवा चालक विनोद की मौत से उसके गांव कुर्वी में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।









