बदायूं। साइबर ठगी के एक मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की पूरी ठगी गई धनराशि ₹82,222 वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक खाते में धनराशि को समय रहते होल्ड कराकर पीड़ित के खाते में वापस स्थानांतरित कराया।
जानकारी के अनुसार थाना वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम नवादा निवासी दीपक सिंह पुत्र राजवीर सिंह के साथ 18 नवंबर 2025 को ₹82,222 की साइबर ठगी की गई थी। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम को संबंधित बैंक खाते में फ्रीज कराया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज पीड़ित के खाते में संपूर्ण धनराशि वापस करा दी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मय साइबर टीम एवं प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह मय जनपदीय साइबर सेल की अहम भूमिका रही।









