हमीरपुर। सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले की प्रतिष्ठित जेके सीमेंट फैक्ट्री द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। फैक्ट्री परिसर में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान हेलमेट वितरण के साथ-साथ जागरूकता बाइक रैली निकालकर सुरक्षित यातायात का मजबूत संदेश दिया गया।
आयोजित गोष्ठी में फैक्ट्री के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। कर्मचारियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई और सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट वितरित किए गए। हेलमेट पाकर कर्मचारियों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ नजर आई।
इसके बाद सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बाइक रैली निकाली गई, जिसे पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. दीक्षा शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।








