Liberal Media | Agra
आगरा। यूजीसी बिल 2026 पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के बाद आगरा में अधिवक्ता समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। दीवानी परिसर के पास स्थित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष अधिवक्ताओं ने एकत्र होकर जश्न मनाया और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि यह बिल देशभर में जनविरोध का कारण बना हुआ था और वकील, छात्र व आमजन लगातार इसके खिलाफ आवाज उठा रहे थे। अधिवक्ता चौधरी अजय सिंह ने कहा कि यूजीसी बिल को लेकर पूरे देश में पुरजोर विरोध हुआ और जनता के दबाव के चलते सुप्रीम कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए इस पर रोक लगाई।
उन्होंने बिल को जनता के साथ छलावा बताते हुए सवाल उठाया कि जब यह राष्ट्रहित में नहीं था तो सरकार ने इसे लाने का फैसला ही क्यों किया। अधिवक्ताओं ने सरकार पर बार-बार विवादित और जनविरोधी बिल लाने का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शन के दौरान मंडल कमीशन का उदाहरण देते हुए अधिवक्ताओं ने राजनीतिक चेतावनी दी और कहा कि ऐसी नीतियां लाने वाली सरकारों को चुनाव में इसका अंजाम भुगतना पड़ता है।








