रेल सुरक्षा में बड़ी चूक, रेल स्लीपर से 71 क्लिप निकाले गए

By Liberal Media

Published On:

Date:

Liberal Media | Ballia

बलिया। रेल सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। कीड़िहरापुर रेलवे स्टेशन से चकरा हाल्ट होते हुए इंदारा रेलवे स्टेशन के बीच शरारती तत्वों ने रेल स्लीपर से करीब 71 पेंडाल (ईआरसी) क्लिप निकाल दिए। इस घटना से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह छेड़छाड़ कीड़िहरापुर रेलवे स्टेशन के पास अवराई कला गांव स्थित रेल पुल संख्या-55 के आसपास सबसे अधिक की गई। हैरानी की बात यह रही कि देर रात से सुबह तक करीब नौ ट्रेनें इसी ट्रैक से गुजर गईं, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। गनीमत रही कि कोई बड़ा रेल हादसा नहीं हुआ और शरारती तत्वों की नापाक कोशिश नाकाम रही।

कीड़िहरापुर रेलवे स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मऊ आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रेल पटरी से छेड़छाड़ किए जाने का मुकदमा दर्ज किया। साथ ही रेलवे ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी और प्रभावित रेल पटरी को तत्काल दुरुस्त कराया गया। वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन ने कीड़िहरापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights