राजस्थान/जोधपुर |
राजस्थान के जोधपुर में कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार शाम करीब 5:30 बजे उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि साध्वी की मौत शाम को ही हो चुकी थी, जबकि रात करीब 9:28 बजे उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक कथित सुसाइड नोट पोस्ट किया गया, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, साध्वी प्रेम बाईसा की अचानक मौत से उनके अनुयायियों में शोक की लहर है।








