लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मताधिकार है, हर नागरिक वोट अवश्य बनाए : सुरेश कुमार खन्ना
शाहजहांपुर। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद की प्रतिष्ठित एनजीओ भोर फाउंडेशन द्वारा गन्ना शोध परिषद में विचार संगोष्ठी एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्रपाल सिंह यादव, अजय प्रताप सिंह यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सफाई आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्रनाथ बाल्मिकी, एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा, जेल अधीक्षक जेपी तिवारी, जिला युवा अधिकारी माय भारत मयंक भदौरिया, उद्योगपति अशोक अग्रवाल, भोर फाउंडेशन अध्यक्षा स्वाति सिंह, अल्पना श्रीवास्तव, पीयूष मिश्रा और निशांत सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा वंदे मातरम की प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात अनुकृति नाट्य मंच द्वारा एसआईआर प्रक्रिया पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही लोकतंत्र सशक्त बनता है। उन्होंने सभी से समय रहते मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदान के अधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
उन्होंने भोर फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करते हैं। इससे पूर्व एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने जनपद में संपन्न एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान एसआईआर प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 बीएलओ को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आर्य महिला डिग्री कॉलेज, संजय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विनोबा सेवा आश्रम सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. इंदु अजनबी ने किया।








