बसन्त पञ्चमी पर हनुमतधाम में विद्या-संस्कृति का भव्य आयोजन—साहित्यकार, शिक्षाविद, पत्रकार व विशिष्ट प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

By Liberal Media

Published On:

Date:

शाहजहांपुर। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विगत वर्षों की भांति वीआईपी ग्रुप विद हेल्पिंग हैंड्स द्वारा हनुमतधाम प्रांगण में विचारगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप के संरक्षक चन्द्रशेखर खन्ना ‘धीरू’, हनुमतधाम प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं ग्रुप सदस्यों द्वारा माँ सरस्वती की वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ।

इसके पश्चात साहित्य, शिक्षा, पत्रकारिता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं शिक्षाविद आचार्य नित्यानंद मुद्गल जी को “माँ सरस्वती साहित्य रत्न सम्मान” से अलंकृत किया गया। वहीं विलक्षण प्रतिभा की धनी बालिका आइला बानो को “विलक्षण प्रतिभा सम्मान” प्रदान किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा।

कार्यक्रम में शिक्षाविद उर्मिला सक्सेना को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पत्रकारिता जगत से जुड़े अजय अवस्थी ‘अनुरागी’, शिशांत शुक्ला, कौशलेन्द्र मिश्रा, सर्वेश मिश्रा, अनिल मिश्रा, स्वाति सिंह एवं रमेश शंकर पांडे को भी सम्मान प्रदान कर समारोह की गरिमा को और ऊँचाई दी गई।

कार्यक्रम का सशक्त एवं प्रभावी संचालन करते हुए डॉ. सुरेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि बसंत पंचमी केवल ऋतुओं का उत्सव नहीं, बल्कि विद्या, कला और संस्कृति का महापर्व है। यह दिन महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ की जयंती का भी प्रतीक है। उन्होंने निराला जी के जीवन से जुड़े प्रेरक संस्मरण साझा कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
आचार्य नित्यानंद मुद्गल जी के अस्वस्थ होने के कारण “माँ सरस्वती साहित्य रत्न सम्मान” उन्हें उनके आवास पर जाकर डॉ. सुरेश चंद्र मिश्रा, कौशलेन्द्र मिश्रा, अजय अवस्थी ‘अनुरागी’ एवं अभिनय ‘विचारक’ द्वारा प्रदान किया गया। वहीं माँ सरस्वती बाल रत्न सम्मान ग्रुप संरक्षक चन्द्रशेखर खन्ना ‘धीरू’ द्वारा बालिका आइला बानो को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी संजय अग्रवाल, अध्यक्ष दीपमाला रस्तोगी, महासचिव सतीश सक्सेना, कोषाध्यक्ष ज्योति गुप्ता ,रिद्धि बहल , उपाध्यक्ष मुकेश गुप्ता (रोमी), अरविंद कुमरा सहित आकाश मिश्रा, रोहित पाण्डेय, हर्षित मिश्रा, रूपांशु माला, स्मिता सक्सेना, अंशिका, मोहम्मद शान, शमशाद एवं बड़ी संख्या में साहित्य-प्रेमी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में वीआईपी ग्रुप के संचालक अभिनय गुप्ता ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तित्वों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक-साहित्यिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights