Agra | Liberal Media
आगरा पुलिस ने करोड़ों की चोरी के एक बड़े और सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 7.70 करोड़ रुपये की चोरी का सफल अनावरण किया है। थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित रोजर इंडस्ट्रीज लिमिटेड फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लाखों रुपये की नगदी और करोड़ों रुपये की डायमंड ज्वैलरी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार यह चोरी 19 जनवरी को फैक्ट्री में हुई थी। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में ही कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अनुपम शर्मा इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसने अपने भाई अनुराग शर्मा और दोस्त संजय उर्फ संजू के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी।
अनुपम शर्मा को फैक्ट्री के अंदरूनी रास्तों और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर अभियुक्त पीछे के रास्ते से दीवार चढ़कर फैक्ट्री में घुसे और लॉकर तोड़कर नगदी व कीमती डायमंड ज्वैलरी चोरी कर ली। चोरी के बाद माल का बंटवारा करने से पहले ही पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को जंगल से गिरफ्तार कर लिया।








