Mathura (Vrindavan) | Liberal Media
वृंदावन में मथुरा–वृंदावन नगर निगम एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। राधा फ्लोरेंस निवासी सामाजिक कार्यकर्ता दीपक शर्मा ने नगर निगम प्रशासन पर सार्वजनिक भूमि को एक निजी बिल्डर को बेहद कम कीमत पर देने का आरोप लगाते हुए अपर नगर आयुक्त और लोकायुक्त से शिकायत की है।
दीपक शर्मा का आरोप है कि नगर निगम सनसिटी अनंतम/हाईटेक प्रोजेक्ट्स प्रा. लि. नामक कंपनी के साथ भूमि विनिमय की प्रक्रिया कर रहा है। इसके तहत नगर निगम अपनी 2.6160 हेक्टेयर भूमि के बदले कंपनी से 2.6690 हेक्टेयर भूमि लेने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जिस क्षेत्र की भूमि निगम द्वारा दी जा रही है, वहां वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 1 लाख रुपये प्रति वर्गगज है, जबकि प्रस्ताव में इसका मूल्यांकन मात्र 10 हजार रुपये प्रति वर्गगज किया गया है। इससे नगर निगम को करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई गई है।








