Meerut | Liberal Media
मेरठ। जनपद मेरठ के सालावा में स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों, खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया बंधुओं से वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और खेलों के माध्यम से रोजगार व करियर के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।










