Sonebhadra | Liberal Media
सोनभद्र जनपद के घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केवली स्थित खाखे मोड़ नहर पुलिया चौराहा के पास देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो गौ तस्करों के पैर में गोली लगी, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिकअप वाहन, नौ राशि गोवंश, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश बॉर्डर से बिना नंबर की पिकअप में गौवंश लादकर तस्कर बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना पर घोरावल, करमा और शाहगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने खुटहा मोड़ नहर पुलिया के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख तस्करों ने भागने का प्रयास किया और पिकअप वाहन से एक मुख्य आरक्षी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो तस्कर सिद्धनाथ खरवार पुत्र सुमेर सिंह निवासी कैमूर बिहार और ओमप्रकाश यादव पुत्र रामजनम यादव निवासी भभुआ बिहार के पैर में गोली लग गई। दोनों को गिरफ्तार कर घायल अवस्था में सीएचसी घोरावल में भर्ती कराया गया। घायल मुख्य आरक्षी राजीव कुमार का भी उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन में लदे नौ गोवंश (जिसमें एक मृत अवस्था में था), दो अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने स्वीकार किया कि वे अंतरराज्यीय गौ तस्करी गिरोह से जुड़े हैं और पहले भी इसी तरह गौवंश को बिहार और पश्चिम बंगाल भेजते रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। मामले में थाना घोरावल पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








