UDHAM SINGH NAGAR | LIBERAL MEDIA
सितारगंज उत्तराखंड। नगर पालिका परिसर में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब भीम आर्मी के धरना स्थल को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार नगर पालिका पहुंचे तो झोपड़ी की शक्ल में बने धरना स्थल को हटाए जाने पर वे आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया।
तहसीलदार के साथ लंबी वार्ता के बाद मामला शांत हुआ। उल्लेखनीय है कि भीम आर्मी ने 15 दिन पूर्व प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद दो वर्षों से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को समाप्त किया था। भीम आर्मी की मांगों में ग्राम लौका व गोठा में नियमित पुलिसिंग व्यवस्था, उप स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की तैनाती और 60 वर्षों से रह रहे ग्रामीणों को भूमालिकाना हक दिया जाना शामिल था।
प्रशासन के साथ हुई बैठक के बाद तहसीलदार सितारगंज द्वारा लिखित पत्र जारी कर धरना स्थगित कराया गया था, जिसमें नियमित पुलिस व्यवस्था और सप्ताह में दो दिन डॉक्टरों के पैनल द्वारा उपचार की सहमति बनी थी।








