Shahjahanpur| Liberal media
शाहजहांपुर में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी भारतीय नववर्ष 2083 की पावन बेला पर एक भव्य एवं दिव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। सम्पूर्ण भगवा सुन्दरकाण्ड परिवार के तत्वावधान में 1101 भगवाधारियों द्वारा सामूहिक श्री सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महानगर के समस्त श्रद्धालुओं को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार यह विराट आयोजन 19 मार्च 2026 को खिरनीबाग रामलीला मैदान में संपन्न होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर नववर्ष का स्वागत भगवा समागम, भक्ति भाव और श्रीराम नाम के सामूहिक उच्चारण के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान श्री सुन्दरकाण्ड की पावन चौपाइयों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना एवं भारतीय परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक है।
सम्पूर्ण भगवा सुन्दरकाण्ड परिवार की ओर से आशीष मिश्रा ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस अद्भुत, अलौकिक एवं दिव्य आयोजन में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर आयोजन को सफल बनाएं।








