Mau | Liberal Media
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के सद्धोपुर गांव में शनिवार की रात 63 केवीए क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर जल जाने से गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव के लगभग 200 घरों में अंधेरा छा गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि इसी ट्रांसफार्मर से अनुसूचित बस्ती, राजभर बस्ती और सामान्य बस्ती को बिजली आपूर्ति होती थी। शनिवार और रविवार की रात बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ीं। मोबाइल चार्जिंग, पेयजल और अन्य दैनिक जरूरतें भी प्रभावित रहीं।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद विद्युत उपखंड जमुई (करहां) की टीम ने कार्रवाई शुरू की। सोमवार की देर शाम नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया, जिसके बाद करीब 48 घंटे बाद गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली आने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, साथ ही भविष्य में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी उठाई।








