Sonebhadra | Liberal Media
सोनभद्र जनपद के कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा गांव में झोपड़ी में अलाव तापते समय आग भड़कने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से 73 वर्षीय वृद्धा जाशो देवी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उनका पति जगन राम गंभीर रूप से झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, ठंड से बचने के लिए पति-पत्नी झोपड़ी के अंदर अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान अलाव में पुआल डालते ही आग तेजी से भड़क गई और कुछ ही पलों में पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि वृद्धा जाशो देवी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और उनकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग के बाद महिला के केवल हड्डियों के अवशेष ही बचे।
वहीं पति जगन राम किसी तरह झोपड़ी से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वह भी आग से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।








