Sonebhadra | Liberal Media
सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में शिव मंदिर परिसर में अमर्यादित कृत्य किए जाने के आरोप के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि सुबह के समय धर्म विशेष के चार से पांच युवकों ने मंदिर परिसर में पेशाब किया और आपत्तिजनक नारेबाजी की, जिससे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों और हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी नाबालिग हैं और उनसे विधिक प्रक्रिया के तहत पूछताछ की जा रही है। मामले में कुल पांच लोगों की संलिप्तता बताई जा रही है, जिनमें अन्य की तलाश जारी है।
तनाव को देखते हुए मंदिर परिसर सहित पूरे बहेरा गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मौके पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की।








