Pilibhit | Liberal Media
पूरनपुर में मौनी अमावस्या के अवसर पर शारदा नदी के धनाराघाट पर स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्नान कर रहे दो मासूम बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की तलाश के दौरान एक अन्य युवक भी नदी में डूब गया।
घटना रविवार को उस समय हुई, जब मौनी अमावस्या पर धनाराघाट पर मेला लगा हुआ था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे थे। गांव चंदिया हजारा निवासी सुमित पुत्र सुशांत और सौरभ पुत्र निताई अपने परिजनों के साथ मेले में आए थे। स्नान के दौरान शारदा नदी का तेज बहाव होने के कारण दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। तत्काल गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश शुरू कराई गई। इसी दौरान तलाश में जुटा एक अन्य व्यक्ति भी नदी में डूब गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने एक बच्चे और एक युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश देर शाम तक जारी रही।








