देहरादून(उत्तराखण्ड)।
राजधानी देहरादून स्थित गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। कॉलेज के फर्स्ट ईयर के एक छात्र ने अपने सीनियर्स पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार सीनियर छात्रों ने उसे बेल्ट से पीटा, जबरन बाल कटवाए और बाहर सोने के लिए मजबूर किया।
पीड़ित छात्र की शिकायत पर कॉलेज प्रशासन और एंटी-रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एंटी-रैगिंग कमेटी ने कार्रवाई करते हुए दो छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि रैगिंग को लेकर संस्थान की ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच चर्चा का माहौल है।
प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की रैगिंग या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत कॉलेज प्रशासन या एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
देहरादून मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का आरोप, सीनियर्स पर छात्र से मारपीट का मामला
Published On:








