Moradabad | Liberal Media
मुरादाबाद में घने कोहरे के चलते शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। मुंडापांढे थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे पर सियोंरा बाजे गांव के पास सुबह तड़के घने कोहरे में छह वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दो ट्रक, तीन रोडवेज बस और एक कार शामिल बताई जा रही है।
घटना के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी मोहित कजराला ने तत्काल उपचार दिलवाया। प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मुंडापांढे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया गया। काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया गया।
पुलिस के अनुसार घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिसके चलते यह भीषण टक्कर हुई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने वाहन चालकों से कोहरे में सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।








