Kushinagar | Liberal Media
कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालगढ़ में मिट्टी भराई के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हैरानी की बात यह रही कि शव मिलने की सूचना पुलिस को देने के बजाय कुछ लोगों ने खुद ही शव को ठिकाने लगा दिया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मिट्टी पर पड़ा अज्ञात व्यक्ति का शव साफ दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो में शव को मिट्टी से उठाकर ट्रॉली पर लादते हुए भी देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह घटना करीब दो दिन पूर्व की है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में एक जेसीबी संचालक भी दिखाई दे रहा है, जिसका मोबाइल फोन फिलहाल बंद है और वह फरार बताया जा रहा है। मामले को लेकर अब तक पुलिस की ओर से कोई विधिक कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की बात कही जा रही है, लेकिन शव की पहचान और उसे ठिकाने लगाने वालों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।








