गोवर्धन तहसील के दौलतपुर गांव में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। ‘टटलूबाजी’ के नाम से कुख्यात साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए मुस्लिम समुदाय ने पाक कुरान और हिंदू समुदाय ने रामायण को साक्षी मानकर अपराध से दूरी बनाने की सार्वजनिक शपथ ली।
सीओ अनिल कुमार सिंह और थाना प्रभारी भगवत सिंह की मौजूदगी में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि अब गांव में किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी नहीं होने दी जाएगी। सीओ ने चेतावनी दी कि साइबर अपराध में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। थाना प्रभारी ने कहा कि दोबारा अपराध करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
ग्राम प्रधान लीली ने ग्रामीणों को सामूहिक शपथ दिलाई और निगरानी समिति के गठन की घोषणा की, जो संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देगी। बैठक में पुलिस व एलआईयू के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एक वांछित युवक ने भी अपराध छोड़ने और स्वयं थाने में पेश होने का भरोसा दिलाया।








