हरकी पौड़ी क्षेत्र में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध को लेकर श्रीगंगा सभा एक बार फिर गंभीर नजर आ रही है। श्रीगंगा सभा 1916 के म्युनिसिपल बाइलॉज का कड़ाई से पालन कराने की मांग कर रही है, जिसके तहत हरकी पौड़ी क्षेत्र में गैर-हिंदुओं का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है।
इसी बाइलॉज को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से हरकी पौड़ी क्षेत्र में जगह-जगह बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर स्पष्ट रूप से लिखा है— “अहिंदु प्रवेश निषेध क्षेत्र, आज्ञा से म्यु. एक्ट हरिद्वार।” इन बोर्डों को लगाने का मकसद यह है कि हिंदुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हरकी पौड़ी में गैर-हिंदुओं का प्रवेश न हो सके और धार्मिक भावनाएं सुरक्षित रह सकें।
गौरतलब है कि बीते दिनों श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौत्तम ने पदाधिकारियों के साथ प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हरकी पौड़ी क्षेत्र और गंगा घाटों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग प्रशासन से की थी।








