लालगंज (आजमगढ़)। स्वदेशी संकल्प यात्रा लखनऊ से प्रारंभ होकर अयोध्या और गोरखपुर होते हुए शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे नगर पंचायत कटघर, लालगंज पहुंची। यहां शिवसागर बरनवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
स्वदेशी संकल्प यात्रा लालगंज नगर में गोला बाजार, लालगंज चौक और सिविल लाइन से होते हुए तहसील परिसर तक पहुंची। तहसील परिसर में कार्यक्रम के उपरांत यात्रा वाराणसी के लिए रवाना हो गई।
इस अवसर पर क्षेत्र संयोजक पूर्वी उत्तर प्रदेश अनुपम श्रीवास्तव ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश के 40 जिलों में भ्रमण करेगी। यात्रा का उद्देश्य जन-जन तक स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन और उपयोग का संदेश पहुंचाना है, ताकि देश आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके।
जिला अध्यक्ष आजमगढ़ वैश्य समाज शिवसागर बरनवाल ने कहा कि राष्ट्र के विकास का एकमात्र रास्ता स्वदेशी है। यह यात्रा प्रधानमंत्री के “स्वदेशी अपनाओ” संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








