कुशीनगर जिले के खड्डा तहसील क्षेत्र अंतर्गत गांव सिसवा गोपाल में गन्ने के खेत में तेंदुआ देखे जाने से इलाके में दहशत फैल गई। तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ गन्ने के खेत में छिपा हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे खेतों और जंगल की ओर न जाएं तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में तेंदुए के हमले में एक बकरी की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीण पहले से ही भयभीत हैं। वन विभाग की टीम ड्रोन और अन्य संसाधनों की मदद से तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल वन विभाग और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।








