वृंदावन। धर्मनगरी में एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर युवती का अश्लील वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा रोष फैल गया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की तलाश में दबिश शुरू कर दी है। जांच में पता चला कि आरोपी की फेसबुक आईडी से और भी कई लड़कियों के अश्लील वीडियो वायरल किए जा रहे हैं।
पीड़ित युवती ने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। युवक ने शादी का झांसा देकर उसे दोस्ती के जाल में फंसाया और धोखे से एक शॉप पर वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। कुछ दिन पूर्व आरोपी ने धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग की, जिसे न देने पर उसने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
पुलिस ने IT Act सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो किस स्थान से अपलोड किया गया और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका तो नहीं।








