गोरखपुर जनपद के गोला उपनगर स्थित बड़हलगंज कॉलेज तिराहा, जिसे इंदिरा गांधी तिराहा के नाम से जाना जाता है, एक बार फिर विवाद का केंद्र बन गया है। इस तिराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा पिछले दो दशकों से स्थापित है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन द्वारा इसी तिराहे पर चार अन्य प्रतिमाएं स्थापित किए जाने से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि तिराहा पहले से ही संकरा है, इसके बावजूद बीच में गोलंबर बनाकर प्रतिमाएं लगाए जाने से यातायात बाधित हो रहा है और आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। गुरुवार की रात आनन-फानन में गोलंबर पर चार प्रतिमाएं स्थापित कर उन्हें लाल कपड़े से ढक दिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी तिराहे पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और इसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अपमान बताया। कांग्रेस नेताओं ने एक आवश्यक बैठक कर इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।








