दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति ने वित्त वर्ष 2026–27 के बजट को अंतिम रूप दे दिया है। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बजट को दिल्ली के नागरिकों के जीवन को सरल, सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक बनाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि राजधानी के सर्वांगीण विकास का स्पष्ट रोडमैप है।
सत्या शर्मा ने बताया कि बजट निर्माण में वार्ड समितियों, विभिन्न विभागीय समितियों और स्थायी समिति सदस्यों के सुझावों को शामिल किया गया है। बजट में वायु प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छता, हरियाली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी गई है।
एमसीडी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, कर्मचारियों और डॉक्टरों के प्रमोशन व नियमितीकरण तथा निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर विशेष फोकस रखा गया है।








