वर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही मेरठ रेंज पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मेरठ रेंज में गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 50 अभियोग दर्ज कर 194 अपराधियों को गैंगस्टर एक्ट में बुक किया गया है। पुलिस की इस सख्ती से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीते दो सप्ताह के भीतर गैंगस्टर एक्ट में नामजद 130 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दर्जनों अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया है। रेंज स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य संगठित अपराध, भू-माफिया, शराब माफिया, साइबर अपराधियों और वांछित अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
मेरठ रेंज पुलिस द्वारा लगातार दबिश, गिरफ्तारी और संपत्ति कुर्की जैसी कार्रवाई की जा रही है, जिससे अपराधियों की कमर टूटती नजर आ रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।








