नगर पालिका परिषद जलालाबाद द्वारा राजस्व वसूली को गति देने के उद्देश्य से नगर के विभिन्न वार्डों में भवनकर एवं जलकर वसूली के लिए शिविर लगाए गए हैं। यह अभियान 14 जनवरी से 29 जनवरी तक चलेगा, जिसके तहत वार्डों में कैंप लगाकर नागरिकों से टैक्स जमा कराया जा रहा है।
बुधवार को नगर पालिका जलालाबाद की ओर से राजस्व वसूली हेतु वार्ड अशफाकनगर, नवीननगर, इसरारनगर एवं हाफिजनगर में शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में लोगों ने भवनकर, जलकर एवं जलमूल्य जमा किया। शिविरों का निरीक्षण स्वयं अधिशासी अधिकारी एच.एन. उपाध्याय एवं संबंधित लिपिक मोहम्मद जीशान द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद जलालाबाद के अंतर्गत कुल 25 वार्ड हैं। सभी वार्डों में अलग-अलग तिथियों में विभिन्न कर्मचारियों को टैक्स वसूली का दायित्व सौंपा गया है। वसूली के लिए 29 जनवरी तक की समय-सीमा तय की गई है।








